
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमीर गांव में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से झूलता मिला. मृतक की पहचान 45 वर्षीय भूतु सिंह के रूप में हुई है. शव को फांसी पर झूलते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी. इसके बाद कमलपुर थाना को खबर दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
मानसिक बीमारी से था ग्रसित
कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार, मृतक अविवाहित था और लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था. वह अधिकांश समय घर से बाहर ही रहता था और इधर-उधर भटकता रहता था. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात को वह गांव के पास जंगल में गया और वहां एक पलाश के पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
चरवाहों ने देखी लाश, फैली सनसनी
सोमवार सुबह जब चरवाहे जंगल की ओर गए तो उन्होंने भूतु का शव पेड़ से झूलता हुआ देखा. यह खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई और लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. बाद में परिजनों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई.
परिवार पर लगातार टूटा दुखों का पहाड़
* भूतु सिंह अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था. गांववालों के अनुसार, इस परिवार के सभी पांचों भाइयों की मृत्यु असमय हो चुकी है.
* बड़े भाई कमलपुर थाना में चौकीदार थे, जिनकी मृत्यु करीब दस साल पहले हुई थी.
* सबसे छोटे भाई की मौत भी लगभग दो वर्ष पहले हो गई.
* बड़े भाई के बेटे को अनुकंपा के तहत चौकीदार की नौकरी मिली थी, लेकिन वह भी करीब पांच साल पहले चल बसा.
गांव में बना चर्चा का विषय
इस परिवार में लगातार हो रही असामयिक मौतों ने गांववासियों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. कई लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ संयोग है या फिर कोई सामाजिक या पारिवारिक कारण भी इसके पीछे छिपा हुआ है?
पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका
फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है. हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

