
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित मेरिन ड्राइव इलाके में शुक्रवार रात एक बड़ी आपराधिक घटना को टालते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया. दोनों युवकों के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है.
घटना की जानकारी रात लगभग 10:30 बजे मिली, जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रामजनम नगर में दो युवक हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं. इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर उपाधीक्षक मुख्यालय-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेशेवर तरीके से इलाके की घेराबंदी की और छठ घाट के पास दोनों संदिग्ध युवकों को दबोच लिया.
गिरफ्तार युवकों की पहचान कदमा थाना क्षेत्र के दो पुराने आपराधिक प्रवृत्ति के राजेश महानंद उर्फ पोलू और प्रशांत कापरी उर्फ बिट्टू कापरी के रूप में हुई है.
पूछताछ में राजेश महानंद ने बताया कि वह अपने साथी प्रशांत कापरी को हथियार सौंपने के उद्देश्य से घटनास्थल पर पहुंचा था. दोनों ही युवक पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं. इन पर हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आरोपों के तहत मुकदमे दर्ज हैं.
पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और यह जांच भी कर रही है कि हथियार किस स्रोत से प्राप्त किए गए और इनका उपयोग किन संभावित आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था.
एसएसपी पीयूष पांडे ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि शहर में अपराधियों की कोई जगह नहीं है. “जमशेदपुर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग, सूचना तंत्र और टेक्निकल सर्विलांस के माध्यम से आपराधिक मंसूबों को कुचलने में लगी हुई है. इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि कोई भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर नहीं है,”
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पहले भी कदमा, बिष्टुपुर, सोनारी एवं मानगो थाना क्षेत्र में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. राजेश महानंद पर दो हत्या के प्रयास, एक मारपीट और एक आर्म्स एक्ट का केस पहले से दर्ज है, वहीं प्रशांत कापरी पर हत्या, अवैध हथियार रखने, धमकी देने तथा मारपीट के संगीन आरोप हैं.
पुलिस सूत्रों की मानें तो ये दोनों युवक एक आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जो शहर में आपराधिक नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं. पुलिस इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

