
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के लिंक रोड पर शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे एक फुटबॉल खिलाड़ी से नकाबपोश अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर चेन लूट ली. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामदेव सिंह रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे. करीब 6 बजे वे लिंक रोड पर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक अचानक उनके पास आ धमके. दोनों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था. प्रत्यक्षदर्शी एसएल दास ने बताया कि अपराधियों ने पहले पिस्तौल दिखाकर डराया और फिर गले से सोने की चेन झपट ली. घटना के बाद दोनों युवक तेजी से बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी. साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना भी शुरू किया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है. लोग खुलेआम सड़कों पर बढ़ते अपराध से चिंतित दिखे. वहीं पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

