
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती स्थित गोराई हॉस्पिटल के सामने 8 फरवरी की शाम करीब 4 बजे तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक अज्ञात वाहन ने धातकीडीह सोनार लाइन निवासी एमडी शमीम को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शमीम को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल शमीम का बयान दर्ज किया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

