
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां सेंट जॉन स्कूल के पास रहने वाले एक निजी ट्यूशन शिक्षक ने कम अंक आने पर दो मासूम बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना में एक बच्ची की उंगली फ्रैक्चर हो गई, जबकि दोनों बच्चों के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं.
जानकारी के अनुसार जुगसलाई निवासी तैयबा के दो बच्चे—गुलाम गौश और मायरा फिरदौस—स्थानीय शिक्षक प्रभात के पास ट्यूशन पढ़ने जाते थे. दोनों बच्चे बेलडीह चर्च स्कूल के छात्र हैं. सोमवार को परीक्षा परिणाम घोषित हुआ था. मंगलवार को जब बच्चे अपना रिजल्ट लेकर ट्यूशन पहुंचे, तो कम नंबर देखकर शिक्षक आपा खो बैठा और बच्चों को बुरी तरह पीट दिया.
बच्चों की मां तैयबा ने बताया कि शाम को जब वह बच्चों को लेने पहुंचीं, तो बेटा घबराकर शिक्षक को धक्का देते हुए उनके पास भाग आया. घर पहुंचने पर बच्चों के शरीर पर पिटाई के गहरे निशान दिखे और बेटी की उंगली टूटी हुई मिली. इफ्तार के समय बच्चों की हालत देखकर परिजन दंग रह गए.
घटना के बाद परिजनों ने जुगसलाई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया है और आरोपी शिक्षक की तलाश में छापेमारी कर रही है.
