
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में टाटा पिगमेंट गेट के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार 407 ट्रक ने टाटा ऐस वाहन को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद टाटा ऐस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया. अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा.
टाटा ऐस के चालक परीक्षित दास ने बताया कि वे टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) में कार्यरत हैं. वे बिष्टुपुर से जुगसलाई रोड की ओर 3 मार्च की तैयारी के सिलसिले में जा रहे थे. उनके अनुसार, वाहन सामान्य गति से चल रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार 407 ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई.
हादसे में टाटा ऐस में सवार खलासी को गर्दन में चोट लगी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में अस्पताल भेजा गया. चालक को भी हाथ में हल्की चोट आई है, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था. सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया.

