
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में नशे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है और इसकी चपेट में अब छोटे-छोटे बच्चे भी आने लगे हैं. खासकर सस्ते और आसानी से उपलब्ध नशीले पदार्थ बच्चों के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं. हालात की गंभीरता को समझते हुए शहर के युवाओं के एक समूह ने नशा बेचने वालों के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए अभियान शुरू किया है.
युवाओं को सूचना मिली थी कि साकची थाना क्षेत्र के टीना शेड और मछली मार्केट के आसपास कुछ दुकानों में खुलेआम नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं. विशेष रूप से वाइटनर जैसे पदार्थों को रुमाल में डालकर सूंघने की लत बच्चों में तेजी से फैल रही थी. स्कूल जाने वाले बच्चे और आसपास के इलाके में रहने वाले किशोर इसकी गिरफ्त में आ रहे थे, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई थी.
युवाओं ने स्थिति की सच्चाई जानने के लिए बच्चों का पीछा किया, उनसे बातचीत की और नशा बेचने वालों की पहचान की. पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने साकची पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया. सूचना मिलते ही पुलिस और युवाओं की टीम ने संयुक्त रूप से दो दुकानों पर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में वाइटनर सहित अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए. जब्त सामान की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे करीब तीन ऑटो में भरकर थाने ले जाना पड़ा. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग भी हैरान रह गए.
पुलिस ने दुकानदारों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यह पहल नहीं होती तो पूरा इलाका नशे का अड्डा बन सकता था. युवाओं की इस सक्रियता से समाज में सकारात्मक संदेश गया है और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना दें.

