
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के टेल्को घोड़ाबांधा इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए तीन बंद फ्लैटों का ताला तोड़ करीब 25 लाख रुपये की चोरी कर ली. महज पांच घंटे में हुई तीन बड़ी वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. यह घटनाएं आलोक विहार संगम टावर और पुष्पा अपार्टमेंट में घटित हुईं.
पहली घटना संगम टावर फ्लैट नंबर 6/5 में रहने वाले एक्स आर्मीमैन संजय नंदी के घर पर घटी. वे रिश्तेदार से मिलने अगन सोसाइटी गए थे. शाम लौटने पर देखा कि मुख्य दरवाजे के दोनों ताले टूटे थे. अलमारी से नकद 20 हजार, सात तोला सोना और हीरे की अंगूठी चोरी हो गई. कुल नुकसान लगभग 10 लाख रुपये का बताया गया है.
दूसरी वारदात संगम टावर फ्लैट नंबर 3/6 में हुई. यहां सुमिता दास, जो पति के निधन के बाद अकेली रहती हैं, अपने परिचित के यहां गई थीं. शाम लौटने पर टूटा ताला और खाली अलमारी देखकर उनके होश उड़ गए. चोर उनके घर से नकद और गहनों समेत करीब आठ लाख का सामान ले भागे.
तीसरी घटना पुष्पा अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 5/सी में रहने वाले अजय कुमार दास के घर पर हुई. उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं. सुबह घर बंद कर वे उनके पास गए थे. शाम लौटने पर पता चला कि चोर नकद 10 हजार और लगभग एक लाख के जेवर ले गए.
इन वारदातों के बाद इलाके में दहशत है. दुर्गा पूजा के बाद गश्ती कम होने से चोरों ने खुलेआम वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने देर रात पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.
शहरवासी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर त्योहार के बाद पुलिस की गश्ती क्यों ढीली पड़ गई, जबकि चोर लगातार दुरुस्त होते जा रहे हैं.

