
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है. पीड़िता के अनुसार, वारदात के समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग जबरन घर में घुस आए और महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया.
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट भी की. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़िता ने जमशेदपुर के जुगसलाई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
मामले में जैकी, बबलु, डबलू, सन्नी उर्फ मो. समीर सहित अन्य 2-3 लोगों को आरोपी बनाया गया है. पीड़िता का कहना है कि सभी आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सत्यता की जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.

