
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में चोरी और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, वहीं आम नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया है. लोगों का कहना है कि कब, किसके घर में चोरी या लूट की घटना हो जाए, कहना मुश्किल हो गया है.
ताजा मामला परसुडीह थाना क्षेत्र के बड़ा गोविंदपुर अंतर्गत खाखड़ी पड़ा स्थित हरे कृष्णा स्टेट का है, जहां बंद पड़े एक घर को चोरों ने निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार, बबीता सिंह के आवास से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. चोरों ने घर में घुसकर सामान का लगभग सफाया कर दिया.
घटना की सूचना बबीता सिंह ने दूरभाष के माध्यम से अपने भतीजे एवं भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी अमित सिंह को दी. बताया गया कि बबीता सिंह वर्तमान में दिल्ली में हैं और परसों जमशेदपुर पहुंचकर संबंधित थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगी.
इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

