
उदित वाणी, पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के तुरी गांव में शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला खनन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध कोयला भंडारण का भंडाफोड़ किया. लाखों रुपये मूल्य के कोयला जैसे पदार्थ को मौके पर बरामद किया गया है.
गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची खनन टीम
खनन विभाग को सूचना मिली थी कि तुरी क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध कोयले का भंडारण किया गया है. इसी के आधार पर खनन इंस्पेक्टर अभिजीत मजूमदार के नेतृत्व में एक टीम ने तुरी में बताए गए स्थान पर छापा मारा. जांच के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में कोयला जैसा पदार्थ पाया गया.
दावा: “यह स्लैग है, कोयला नहीं”
कुछ देर बाद रोहित केजरीवाल नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और टीम को बताया कि यह पदार्थ टिस्को कंपनी से लाया गया स्लैग है, जिसे उसने पिछले छह महीने से स्टॉक कर रखा है. उसका दावा था कि यह कोयला नहीं है.
उठाव पर रोक, सैंपल जांच को भेजा गया
खनन विभाग ने स्थिति को देखते हुए भंडारण का नमूना लैब जांच के लिए भेज दिया है और स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगले आदेश तक माल का कोई उठाव नहीं किया जाए. इंस्पेक्टर अभिजीत मजूमदार ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह वाकई स्लैग है या अवैध रूप से संग्रहीत कोयला.
आगे की कार्रवाई रिपोर्ट पर निर्भर
फिलहाल खनन विभाग ने स्टॉकिस्ट को चेतावनी दी है कि जब तक प्रयोगशाला जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक स्टॉक में रखे पदार्थ को किसी भी रूप में उपयोग या परिवहन नहीं किया जा सकता. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

