
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के मुकरुडीह गांव में दहेज के लालच में पति ने अपनी पत्नी को जलाने का प्रयास किया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतका पिंकी दास (की मां मंगला दास के बयान पर बोड़ाम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पिंकी दास के पति विश्वनाथ दास, ससुर गोराचांद दास एवं सास द्रौपदी दास द्वारा अक्सर दहेज के लिए मारपीट की जाती थी. मृतका ने कई बार फोन पर अपने माता-पिता को अपनी पीड़ा बताई थी. 10 दिसंबर को सुबह दहेज विवाद के बाद पति ने पिंकी को आग लगा दी. गंभीर जलने के कारण पहले टीएमएच में भर्ती कराया गया, फिर रिम्स रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई.
मृतका की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसका एक तीन वर्षीय बेटा है. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि 10 दिसंबर को पिंकी के शरीर में आग लगने की घटना हुई थी. इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि जांच जारी है, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई. घटना के तुरंत बाद सूचना देने और मृतका के मरने से पूर्व बयान दर्ज कराने पर मामला मजबूत होता.
