
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत सिंधू कानू बस्ती वन नंबर 1 के पास सोमवार शाम करीब 4 बजे जमीन को लेकर विवाद हो गया. बस्तीवासियों ने हूल दिवस के उपलक्ष्य में सिद्दू-कान्हू की प्रतिमा चौक पर स्थापित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों द्वारा इस पर आपत्ति जताई गई.
आरोप है कि अशोक सिंह के पुत्र आनंद पांडे, सुमित पांडे, अविनाश पांडे और सोमनाथ पांडे ने उक्त स्थान को अपनी जमीन बताते हुए चौक पर लगे पोस्टर और अन्य सजावट को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद बस्ती में तनाव का माहौल बन गया.

बस्तीवासियों ने इस संबंध में सोनारी थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोपियों पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोग प्रशासन से मूर्ति की पुनर्स्थापना और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

