
उदित वाणी, जमशेदपुर : बुधवार को होली का त्योहार के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जहां कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं. वहीं कुछ जगहों पर जमशेदपुर शहर में मारपीट से लेकर मामूली बात को लेकर जानलेवा हमला तक की घटनाएं हुईं. साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह में हुई चाकूबाजी की घटना के बाद एक युवक का एमजीएम अस्पताल में इलाज जारी है.
इस दौरान अस्पताल प्रशासन द्वारा एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल की विशेष तैयारी कारगर साबित हुई और मरीजों को त्वरित चिकित्सा सेवा मिल पाई. त्योहार के दौरान संभावित हादसों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए इमरजेंसी विभाग में नेत्र, हड्डी (ऑर्थोपेडिक) और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया गया था.
अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित विभागाध्यक्षों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए थे. सामान्य चिकित्सकों के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टर भी इमरजेंसी में मौजूद रहे, जिससे तत्काल चिकित्सा सेवा संभव हो सकी. अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक शराब पीकर वाहन चलाने या अन्य कारणों से हुई सड़क दुर्घटनाओं के बाद बुधवार को 70 से अधिक मरीज हड्डी रोग विभाग पहुंचे.
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे. दूसरी ओर गुरुवार को सामान्य दिनों की भांति ओपीडी में रोगियों का इलाज हुआ. गुरुवार को भी सड़क दुघर्टना से संबंधित कई मरीज पटमदा के कमलपुर एवं गालूडीह थाना क्षेत्र से पहुंचे जिनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.

