
उदित वाणी, धनबाद : मोस्ट वांटेड अपराधी हैदर अली उर्फ प्रिंस खान का ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कोयलांचल में हड़कंप मच गया. वीडियो में सामान्य टी-शर्ट पहने प्रिंस कई अत्याधुनिक हथियारों के साथ नजर आ रहा है. वह गैंग्स ऑफ वासेपुर सरगना फहीम खान व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता दिखा.
वीडियो में प्रिंस अभद्र भाषा में पुलिस को चुनौती देता है. वह दावा करता है कि उसके पास हथियार हैं और फहीम को गोली से उड़ा देगा. खुद को दुबई में बताते हुए कहता है कि पुलिस उसे पकड़ नहीं सकती, वरना वह खुद को गोली मार लेगा. यह पहला ऐसा वीडियो नहीं है.
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है. अफवाहों से घबराने की जरूरत नहीं. कथनी व करनी में फर्क होता है. जिला प्रशासन जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा.
पुलिस 24 घंटे तत्पर है. सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो आते रहते हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था कायम रहेगी.

