
उदित वाणी, गुमला : गुमला में पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के कारोबार से जुड़े चार युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों के पास से करीब 40 पुड़िया ब्राउन शुगर और साढ़े दस लाख रुपये नगद बरामद किये गये हैं. चारों आरोपी बिहार और गुमला के रहने वाले बताए गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश राज, बादल साहू, मनीत कुमार और छोटू साहू के रूप में हुई है. चारों कोरोबारियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमां ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गुमला शहर से सटे लक्ष्मण नगर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना को सत्यापित करने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुमला के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान आकाश राज के पास से करीब 10 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद हुआ.
आकाश की निशानदेही पर पुन: छापेमारी दल ग्राम चाहा पहुंची, तो पुलिस को देखकर दो लोगों ने भागने का प्रयास किया. लेकिन बादल साहू और छोटू साहू पकड़े गए, तलाशी के क्रम में बादल साहू के पैकेट से 12 ग्राम ब्राउन शुगर, 35,700 रुपए और 2 मोबाइल फोन मिले. छोटू साहू के पास से 7 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक वेट मशीन और एक मोबाइल फोन मिला. दोनों की निशानदेही पर छापेमारी दल मनीत कुमार के घर पहुंचा. वहां से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक वेट मशीन और 10.13 लाख रुपए मिले.

