
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में रविवार देर रात आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ओला सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी कई गाड़ियां अचानक आग की लपटों में घिर गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी एक कार से अचानक धुआं उठने लगा. कुछ ही मिनटों में आग ने पास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए.
स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत फायर ब्रिगेड एवं पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा. हालांकि आग की लपटों में कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओला सर्विस सेंटर के मालिक तापस दास ने ओला कंपनी की मिलीभगत से वन विभाग की जमीन और सड़क किनारे की जगह को अवैध रूप से पार्किंग एरिया बना लिया है. लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन न तो वन विभाग और न ही प्रशासन ने कोई कार्रवाई की.
निवासियों ने बताया कि जिस जगह गाड़ियां खड़ी थीं, उसके ठीक सामने एक ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है. यदि आग वहां तक पहुंचती, तो बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी. लोगों ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही बताया और मांग की है कि अवैध पार्किंग को तत्काल हटाया जाए तथा वन भूमि को कब्जामुक्त किया जाए. साथ ही, आगजनी की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

