
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित आनंदनगर में सोमवार शाम एक 30 वर्षीय विवाहिता ज्ञान किरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के बाद सामने आ रहे अलग-अलग दावों ने पूरे प्रकरण को उलझा दिया है.
बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला का पति शशिकांत चौरसिया घर पर मौजूद नहीं था. वह ट्यूशन फीस जमा करने के लिए बाहर गया हुआ था. देर शाम जब वह घर लौटा, तब बारिश हो रही थी और घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर से महिला का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए. मृतका के भाई का कहना है कि उसकी बहन को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और आत्महत्या के लिए उकसाया गया.
वहीं, पति शशिकांत चौरसिया ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उसकी पत्नी का नवादा निवासी एक रिश्तेदार (भांजा) के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था.
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि फिलहाल मामला संदिग्ध है और सच्चाई का पता मायके पक्ष के लिखित बयान के बाद ही चल पाएगा. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

