
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में गुरुवार को एक पारिवारिक विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. मामूली कहासुनी के दौरान चाचा ने अपने ही भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुट गए.
घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय ऋषि तिवारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि किसी घरेलू मुद्दे को लेकर चाचा-भतीजे के बीच पहले बहस हुई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चाचा ने धारदार चाकू से भतीजे पर वार कर दिया. हमले में ऋषि तिवारी को गंभीर चोटें आईं और वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया. अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में उसका उपचार चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल निगरानी में रखी गई है.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली पारिवारिक विवाद का इतना खतरनाक रूप ले लेना बेहद चौंकाने वाला है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

