
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में स्थित केबल कंपनी परिसर में बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने की घटना सामने आई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी की नीयत से कंपनी के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की गई, जिसके दौरान आगजनी की वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के समय परिसर से धुआं उठता देख आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग, गोलमुरी को सूचना दी.
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम महज 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई. आग तेजी से फैल रही थी, जिससे कंपनी के भीतर रखे सामान और संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई थी. दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया.
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कंपनी के भीतर कुछ सामग्री के नुकसान की बात सामने आ रही है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आगजनी में शामिल तत्वों की पहचान की जा सके. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

