
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव के समीप मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने लावारिस हालत में घूम रही एक 13 वर्षीय किशोरी को बरामद किया. किशोरी को फिलहाल बेलडीह ग्राम बस्ती में सुरक्षित रखा गया है और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है.
स्थानीय निवासी घनश्याम सोय ने बताया कि मंगलवार दोपहर बस्ती के पास किशोरी संदिग्ध अवस्था में घूम रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास कर रहे थे. जब बस्ती के लोगों की नजर इस पर पड़ी तो वे शोर मचाते हुए किशोरी की ओर दौड़े. लोगों को अपनी ओर आता देख दोनों युवक मौके से फरार हो गए.
किशोरी ने स्थानीय लोगों को बताया कि वह मुसाबनी थाना क्षेत्र के लेपा गांव की रहने वाली है. उसके पिता का निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली है. उसकी बड़ी बहन बाहर काम करती है. किशोरी के अनुसार, बस्ती की एक महिला उसे उसकी मां से मिलवाने के बहाने चाईबासा ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गई थी. वहां पहुंचने के बाद उस पर शादी करने का दबाव बनाया जाने लगा, जिससे वह डर गई और किसी तरह वहां से भाग निकली.
किशोरी ने यह भी बताया कि भागने के दौरान वह मरीन ड्राइव क्षेत्र तक पहुंची, जहां उसे अकेला देख कुछ युवकों ने उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की. इसी दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से वह बच गई.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरीन ड्राइव जैसे संवेदनशील इलाके में किशोरी के साथ अपहरण की कोशिश हुई, लेकिन सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची. हालांकि, फिलहाल किशोरी पूरी तरह सुरक्षित है और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस को सूचित कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

