
उदित वाणी, गढ़वा : गढ़वा जिले में पशु तस्करी के खिलाफ प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है. समाजसेवी संगठनों की सूचना पर प्रशासन ने अभियान चलाते हुए 170 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया.
जानकारी के अनुसार, समाजसेवी संगठन विश्व हिन्दू परिषद् और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को पशु तस्करी की सूचना दी थी. सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में गौवंशों को तस्करों से बचाया गया.

विश्व हिन्दू परिषद् के जिला सचिव सोनू सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की सहायता से यह अभियान सफल हो सका. उन्होंने कहा कि गौवंशों की सुरक्षा को लेकर संगठन आगे भी सक्रिय रहेगा और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे.
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि पशु तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले में पशु तस्करी की घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके.

