
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत सालगाझड़ी के शांतिनगर में गांजा की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना पर पुलिस ने सोमवार को छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से दो अन्य युवक फरार हो गए। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को आजाद बस्ती निवासी सौरभ कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 846 ग्राम गांजा बरामद किया है।
घटना के संबंध में परसुडीह थाना के एसआई रितेश कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में सौरभ कुमार दास के अलावा परसुडीह लोको कॉलोनी के शिबू और रानू को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों की तलाश जारी है।
सोमवार की देर शाम परसुडीह थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सालगाझड़ी के शांतिनगर क्षेत्र में कुछ युवक गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। एसआई रितेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तीनों युवक भागने लगे। हालांकि, सौरभ कुमार दास को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि शिबू और रानू अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें एक प्लास्टिक की थैली से 846 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, यह गांजा तीनों युवक बेचने की फिराक में थे और स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई करते थे।
जेल भेजा गया आरोपी, दो की तलाश जारी
गिरफ्तारी के बाद सौरभ कुमार दास को पूछताछ के लिए थाना लाया गया, जहां उसने प्रारंभिक पूछताछ में अपने साथियों के नाम उजागर किए। पुलिस ने उसे मंगलवार सुबह न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
परसुडीह थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की सूचना हो, तो वे बिना संकोच पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।
