
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़े अपराधी सौरभ शर्मा उर्फ रिंकू सेठ को राजस्थान के जयपुर से दबोच लिया है. आरोपी को विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया. वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था.
रिंकू सेठ मूल रूप से जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में पांडे होटल के पास हुए टकलू लोहार हत्या कांड का मुख्य आरोपी है. वारदात के बाद वह फरार होकर कई वर्षों से जयपुर में नकली पहचान के दम पर रह रहा था. पुलिस ने उसे पकड़कर ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज उसे जेल भेजा जा रहा है.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मोबाइल से अमरनाथ सिंह गिरोह और जमशेदपुर के कई अन्य अपराधियों के नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. तकनीकी जांच के लिए मोबाइल को जब्त कर साइबर टीम को सौंप दिया गया है.
एसएसपी पीयूष पांडे ने कहा कि रिंकू सेठ पर कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी और हथियार से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं. उन्होंने बताया कि न्यायालय से स्वीकृति मिलने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी, ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके छिपने का पता लगाया जा सके.
एसएसपी ने यह भी साफ किया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर में अपराध के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी. रिंकू की गिरफ्तारी को पुलिस ने अपराध जगत के लिए बड़ा संदेश बताते हुए इसे टीमवर्क और आधुनिक तकनीक आधारित खोज की सफलता करार दिया है.
इस कार्रवाई से शहर में पुलिस की सक्रियता और अपराध नियंत्रण को लेकर जनता के बीच सकारात्मक संदेश गया है.

