
उदित वाणी गम्हरिया : सरायकेला – खरसावां जिले के छोटा गम्हरिया में महज तीन माह पूर्व हुई शादी के बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के इंजीनियर पति आशीष गोराई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार गम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ में नवविवाहिता शिवानी गोराई की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गोराई समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग बुधवार को थाना पहुंचे और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतका के पिता मंतोष गोराई, जो पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सारजोमातु – कुची गांव के निवासी हैं, ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री की शादी 26 नवंबर 2025 को छोटा गम्हरिया के निर्मल पथ निवासी सुभाष गोराई के एकमात्र पुत्र आशीष गोराई के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 3 मार्च 2026 को मृतका ने फोन कर अपने पिता को बताया था कि उसके पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
बताया गया कि 4 मार्च को होली के दिन सुबह ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर शिवानी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई। दोपहर करीब 12:30 बजे जब परिजन ससुराल पहुंचे और बेटी के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह अपने कमरे में सो रही है। कमरे में जाकर देखने पर शिवानी पंखे से चुनरी के सहारे लटकी हुई मृत अवस्था में मिली, उसका एक पैर पलंग में सटा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है।
मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में पति आशीष गोराई, ससुर सुभाष गोराई, सास सुप्रिया गोराई तथा ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, पुलिस ने नवविवाहिता की मौत के मामले में दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में नामजद आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है।
थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

