
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्टेशन रोड में बुधवार देर रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान नारायण कुमार मंडल (35) के रूप में हुई है. वह अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था.
जानकारी के मुताबिक नारायण लेथ मशीन ऑपरेटर था. बुधवार शाम वह रोज की तरह काम से घर लौटा. खाना खाने के बाद उसने सोने की बात कहकर अपने कमरे में चला गया. देर रात उसकी पत्नी जब कमरे में गई तो दरवाजा बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने और खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. अंदर नारायण गमछे के सहारे फांसी पर लटका मिला.
परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नारायण नशे का आदी था और अक्सर तनाव में रहता था. हालांकि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.

