
उदित वाणी, गम्हरिया : गम्हरिया क्षेत्र में जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार शाम टाटा स्टील गम्हरिया से ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे सीएस विभाग के कर्मचारी मनोज महतो और एचआर विभाग के बिरेन्द्र महतो सड़क दुर्घटना में घायल हो गए. कोलाबीरा के पास गड्ढों व खराब सड़क के कारण उनकी स्कूटी असंतुलित हो गई, जिससे दोनों नीचे गिर पड़े और चोटिल हो गए. दोनों को हाथ और पैर में चोटें आईं. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
सड़क की खराब हालत से ग्रामीणों में नाराजगी
स्थानीय लोगों तथा कर्मचारियों ने बताया कि गम्हरिया की कई सड़कों की हालत महीनों से बेहद दयनीय बनी हुई है. क्षेत्र में जगह-जगह गड्ढे व जलजमाव के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया है.
सड़क मरम्मत की उठी मांग
दुर्घटना के बाद कर्मचारियों व ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि रोजाना हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं. ऐसे में खराब सड़कों पर चलना जानलेवा साबित हो रहा है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्दी ही सड़कों की स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन किया जाएगा.

