
उदित वाणी, सरायकेला : जिले के गम्हरिया अंचल कार्यालय परिसर में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब परिसर में गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
सूचना पाकर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष जे.एन. दास अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने इसे धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाली घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
घटना की गंभीरता को देखते हुए गम्हरिया अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार और आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन की मौजूदगी में गाय के बछड़े के कटे सिर को विधिवत रूप से जमीन में दफन कराया गया.
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है और पुलिस चौकसी कड़ी कर दी गई है.

