
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा स्थित हरिजन बस्ती में नशे की लत ने एक और युवा की जान ले ली. 21 वर्षीय प्रेम मुखी ने देर रात अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से नशे का आदी था और नशे की खुराक नहीं मिलने से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था.
घटना उस समय हुई जब घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. देर रात प्रेम मुखी कमरे के अंदर गया और फांसी लगा ली. काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ. जब लोगों ने घर के अंदर झांक कर देखा तो प्रेम को फंदे से लटका पाया. इसके बाद तुरंत इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई.
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से प्रेम मुखी को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
मृतक के पिता प्रदीप मुखी ने बताया कि उनका बेटा नशे की लत से जूझ रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि बस्ती में इन दिनों नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है, जिससे कई युवा इसकी गिरफ्त में आ चुके हैं. ब्राउन शुगर, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की आसानी से उपलब्धता के कारण युवा नशे के आदी हो रहे हैं. नशे की खुराक नहीं मिलने पर वे मानसिक रूप से असंतुलित हो जाते हैं.
प्रदीप मुखी ने यह भी बताया कि इससे पहले भी बस्ती में कई युवक नशे की लत और नशा नहीं मिलने के कारण आत्महत्या कर चुके हैं. इस घटना ने एक बार फिर इलाके में बढ़ते नशे और उससे हो रही मौतों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

