
उदित वाणी, जमशेदपुर : धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत बेतझरिया के खेतान फैक्ट्री के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. OR11G-4939 नंबर की पिकअप वैन, जो पटनायकशौल निवासी पंकज झा उर्फ सुरेश झा (गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय में वेंडर) द्वारा चलाई जा रही थी, पांडुगुड़ा मजदूरों को ले जा रही थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे में धुत था. बगल में बैठी महिला बार-बार गति कम करने को कह रही थी, लेकिन टर्निंग पर रफ्तार न कम करने से सीमेंट और 11-12 राजमिस्त्री-मजदूरों से लदी वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में मंगलमुंडा निवासी एक राजमिस्त्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई मजदूर घायल हो गए.
स्थानीय सेवा ही धर्म संस्था के नौशाद अहमद, गुलशन कुमार आदि ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां से एक को छोड़कर बाकी को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धालभूमगढ़ पुलिस जांच में जुट गई है.

