
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक बैट्री की दुकान पर दो बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना करीब 1:45 बजे की बताई जा रही है. उस समय दुकान पर रवि नामक युवक बैठा हुआ था. अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर चार राउंड गोलियां चलाईं, लेकिन संयोगवश वह बाल-बाल बच गया.
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक दुकान के अंदर से मिला है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
दुकानदार संजय कुमार ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है. उनके अनुसार आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि ने शुक्रवार रात फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि, अमन और सानू ने उनके बेटे पर हमला भी किया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

