
उदित वाणी, रांची : झारखंड सीआइडी के अधीन संचालित साइबर अपराध थाना की पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी के एक मामले में पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित कदमा के अलावा घाटशिला से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफतार आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया.
ठगी के इन आरोपियों पर गढ़वा के एक सेवानिवृत्त सरकारी चिकित्सक को डिजिटल अरेस्ट कर 38 लाख 62 हजार 982 रुपये की साइबर ठगी का आरोप है. गिरफ्तार आरोपियों में पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला निवासी रोहित कुमार जैन, कदमा निवासी संजीव कुमार मिश्रा व लोकेश महतो शामिल हैं.
आरोपियों के पास से इस कांड से संबंधित मोबाइल फोन व अन्य सामग्री भी बरामद किया गया है. जबकि शिकायतकर्ता सेवानिवृत्त सरकारी चिकित्सक ने 27 फरवरी को साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें केंद्रीय प्रवर्तन एजेंसियों का अधिकारी बताकर साइबर अपराधियों ने फंसाने की धमकी दी, डराया-धमकाया तथा उनसे विभिन्न बैंक खाताओं में 38 लाख 62 हजार 982 रुपये स्थानांतरित कराया.
वहीं साइबर अपराध थाना की पुलिस ने मोबाइल का बिश्लेषण व बैंक खाते के बिश्लेषण आदि के माध्यम से साइबर अपराधियों का पता लगाया और उन तक पहुंची. साइबर पुलिस अब अपराधियों के अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है. इसमें अन्य लाभार्थी, हैंडलर व बैंक म्यूल खातों की पहचान की जा रही है. जिनके खाते में उक्त राशि हस्तांतरित की गई है.

