
उदित वाणी, चांडिल: अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चावलीवासा स्थित जूड़िया नाला किनारे संचालित एक अवैध दारू भट्टी पर शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. विशेष अभियान के तहत की गई इस छापेमारी में मौके से लगभग 100 किलो जावा महुआ जब्त कर नष्ट किया गया.
पुलिस की अचानक की गई कार्रवाई से अवैध भट्टी संचालकों में भगदड़ मच गई और वे मौके से फरार हो गए. थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अवैध धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह के असामाजिक कार्यों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पूर्व में लगातार की गई दबिश और कार्रवाई के चलते इलाके में कच्ची शराब कारोबार में कमी आई है, जिससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है. पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सघन किया जाएगा ताकि अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके.

