
उदित वाणी, जमशेदपुर : चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना हुई, जहां 21 वर्षीय राहुल मंडल ने अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी. घटना उस समय हुई जब राहुल दुकान में अकेला था और शीशे वाला दरवाजा अंदर से बंद था.
सूत्रों के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने से पहले राहुल ने अपनी गर्लफ्रेंड तन्नु (निवासी—ईलू गांव, बागमुंडी, पुरुलिया) को वीडियो कॉल किया. बातचीत के दौरान राहुल ने मोबाइल को खिड़की में बांधकर पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करने का प्रयास भी किया. यह दृश्य देखते ही गर्लफ्रेंड घबरा गई और उसने फोन डिसकनेक्ट कर दिया. इसके बाद उसने कई बार राहुल को कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
घटना की गंभीरता को समझते हुए गर्लफ्रेंड ने तुरंत राहुल के दोस्तों और बड़े भाई को फोन करके जानकारी दी. राहुल का भाई रांची में पढ़ाई करता है और वहीं रहता है. सूचना मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुकान का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से लॉक था. अंदर झांकने पर राहुल का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया.
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी चौका थाना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शीशे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया.
परिजनों का कहना है कि राहुल हाल में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ किसी विवाद को लेकर मानसिक तनाव में था, और यही कारण उसकी आत्महत्या की वजह हो सकती है. चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

