
उदित वाणी, चक्रधरपुर : चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर निवासी 24 वर्षीय राज तांती की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया. प्रभारी डीएसपी बहामन टूटी की अगुवाई में विशेष टीम ने 19 वर्षीय आरोपी गुड्डू उर्फ राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया.
पुरानी मारपीट का लिया बदला
25 फरवरी रात 10 बजे हुई हत्या में आरोपी ने एक दिन पहले राज तांती व उसके साथियों द्वारा उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल छीनकर मारपीट का बदला लिया. पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए आरोपी ने बताया कि आक्रोश में धारदार चाकू से हमला किया. थाना प्रभारी अवधेश कुमार भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे.
चाकू व साक्ष्य बरामद
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे नाली से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ. घटनास्थल से खून लगा कागज और आरोपी का जींस भी जब्त किया गया. सीसीटीवी फुटेज व गुप्त सूचना पर छापेमारी में पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी व सशस्त्र बल शामिल रहे.
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. मामला धारा 103(3)(5) बीएनएस-2023 के तहत दर्ज है.

