
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त का नाम और पद का दुरुपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है. इस फर्जी अकाउंट के माध्यम से मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के नाम पर पेमेंट डिटेल मांगी जा रही है.
नागरिकों को किया गया सतर्क
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक स्तर से नागरिकों से किसी भी योजना से संबंधित भुगतान जानकारी व्हाट्सएप या अन्य गैर-आधिकारिक माध्यमों से नहीं मांगी जाती. ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश का जवाब देने या जानकारी साझा करने से लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं.
इस नंबर से मिल रहा है संदेश
बताया गया है कि मोबाइल नंबर 8002825608 से नागरिकों को कॉल व मैसेज भेजे जा रहे हैं. यदि किसी व्यक्ति को इस नंबर से संपर्क किया जाए, तो किसी भी तरह की व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें.
ऑनलाइन ठगी से बचाव
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सतर्क रहें और ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम शाखा को दें. किसी भी सरकारी योजना की जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का ही प्रयोग करें.

