
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर रोड नंबर एक से एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। घटना तीन जुलाई की बताई जा रही है, लेकिन इस संबंध में पीड़िता के परिजनों ने चार जुलाई को थाना पहुंचकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और आरोपी युवक की मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवती की तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नामजद आरोपी की पहचान रामनगर रोड नंबर एक निवासी शत्रुघ्न कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि शत्रुघ्न का पहले से ही उनके घर में आना-जाना था, जिसका फायदा उठाकर उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाया और तीन जुलाई को घर से भगाकर ले गया। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना की पूर्व योजना थी और युवक ने शादी की नीयत से इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया।
उधर, उलीडीह थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल सर्विलांस की मदद से दोनों की लोकेशन ट्रैक कर रही है। थानेदार ने बताया कि जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा और आरोपी के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उनके ठिकानों को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है।
