
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक के समीप गेरुआ बस्ती स्थित लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में मारपीट की घटना सामने आई है. कोलकाता के पटोली थाना क्षेत्र निवासी कारोबारी संतोष गिरी के साथ होटल परिसर में मारपीट की गई. इस संबंध में संतोष गिरी के आवेदन पर बोड़ाम थाना में संजीत गिरी और आशुतोष गिरी समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजीत गिरी और आशुतोष गिरी को गिरफ्तार कर लिया है. संजीत गिरी बिहार के वैशाली जिले के यूसुफपुर का निवासी है, जबकि आशुतोष गिरी वैशाली के भगवानपुर का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों और संतोष गिरी के बीच पुराना व्यावसायिक विवाद चल रहा था.
संजीत गिरी का आरोप है कि संतोष गिरी पर उसके लाखों रुपये बकाया हैं, जिन्हें वह लंबे समय से नहीं लौटा रहा है. इसी रकम की मांग को लेकर आरोपी बोड़ाम पहुंचे थे. होटल में संतोष गिरी से रुपये मांगे गए, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह के बकाये से इनकार कर दिया. संतोष गिरी का कहना है कि उनका किसी पर कोई कर्ज नहीं है और उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं.
बताया जाता है कि संतोष गिरी फिलहाल गेरुआ बस्ती स्थित लेकव्यू होटल एंड रिसॉर्ट में ही रह रहे हैं. दोनों पक्ष होटल और रिसॉर्ट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं. संजीत गिरी का दावा है कि कोलकाता में दोनों ने साझेदारी में एक रिसॉर्ट चलाया था और उसी पार्टनरशिप से जुड़ा यह पूरा विवाद है. रकम को लेकर हुई कहासुनी के बाद होटल परिसर में मारपीट हो गई.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की है, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया है. अन्य आरोपियों में एक वाहन चालक, एक मोबाइल नंबर का धारक और एक अज्ञात युवक शामिल हैं. इनके नाम फिलहाल प्राथमिकी में दर्ज नहीं हैं, लेकिन पुलिस उनकी पहचान में जुटी है. थाना प्रभारी के अनुसार, जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पूरे मामले की गहन जांच जारी है.

