
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में चोरी की एक गंभीर वारदात सामने आई है. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित बी टू सब स्टेशन में आधी रात के बाद बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड को बंधक बनाकर लाखों रुपये के उपकरणों की चोरी कर ली. घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है, जबकि प्राथमिकी 18 फरवरी को दर्ज हुई.
इस मामले में टाटा स्टील यूआईएसएल के मैनेजर अजीत कुमार त्रिपाठी के बयान पर पुलिस ने अज्ञात 10 से 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, देर रात बदमाश सब स्टेशन पहुंचे और गार्ड के कमरे का दरवाजा खटखटाया. जैसे ही गार्ड ने दरवाजा खोला, आरोपी अंदर घुस आए और धारदार हथियार दिखाकर उसे काबू में कर लिया. इसके बाद आरोपियों ने सब स्टेशन से कीमती सामान समेटा और फरार हो गए.
सूत्रों के मुताबिक, चोरी गए सामान में बिजली आपूर्ति से जुड़े महंगे उपकरण शामिल हैं. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास जारी है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

