
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में नशेड़ियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. मंगलवार को मानगो छोटा पुल पर ऐसी ही घटना सामने आई जब एक ब्राउन शुगर एडिक्ट ने बीच सड़क पर उत्पात मचा दिया. जानकारी के अनुसार, नशेड़ी युवक ने राह चलते एक युवक से जबरन पैसे छीनने की कोशिश की. युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करना चाहा, लेकिन नशे में चूर आरोपी ने अचानक पत्थर उठा लिया और राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया. इससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और लोग अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से मानगो समेत शहर के कई इलाकों में ब्राउन शुगर का कारोबार तेजी से फैल रहा है. इसके चंगुल में युवा वर्ग तेजी से फंसता जा रहा है और नशे के बाद वे आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. यही वजह है कि आए दिन छिनतई, झगड़े और चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं.

शहरवासियों का आरोप है कि पुलिस नियमित रूप से दावे तो करती है, लेकिन नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही. स्थिति यह है कि लगभग 70 फीसदी आपराधिक मामलों के पीछे ब्राउन शुगर की गिरफ्त में आए युवक शामिल पाए जा रहे हैं. इस बात का कई बार जिक्र पुलिस अधिकारियों ने भी अपने बयानों में किया है.
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस-प्रशासन को ड्रग्स के खिलाफ ठोस रणनीति बनानी होगी, अन्यथा शहर का माहौल और बिगड़ सकता है. फिलहाल इस घटना से मानगो क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

