
उदित वाणी, बोकारो : बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में थाना के ठीक बगल स्थित जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. शुक्रवार को हुए विवाद में मारपीट और पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना के बिल्कुल समीप जमीन पर विवाद लंबे समय से चल रहा था. एक पक्ष द्वारा लगातार निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसे लेकर दूसरा पक्ष विरोध दर्ज करा रहा था. लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले में संज्ञान नहीं ले रही थी. गुरुवार को जब फिर से निर्माण कार्य शुरू हुआ तो दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए. इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमले का आरोप लगा.
पुलिस का कहना है कि मारपीट और हिंसक झड़प के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पदाधिकारी पर हमला करने की घटना हुई. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले में कई निर्दोषों को भी पकड़कर जेल भेजा गया है. थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में आक्रोश है.
पुलिस ने जिन 9 लोगों को जेल भेजा है, उनके नाम हैं – लाल प्रसाद गोराई, पशुपति गोराई उर्फ पशुपति प्रसाद, सुबोध गोराई, कानन रजक, चक्रधर रजक, कबीर रजक, चन्द्रशेखर महतो, हीरालाल शर्मा और संजीव कुमार शर्मा.

