
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र शनिवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए लावजोड़ा गाँव में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान विक्रम महतो के घर पर दबिश दी गई, जहाँ से पश्चिम बंगाल राज्य में बिक्री के लिए अनुमत विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर का अवैध स्कंध बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार छापेमारी में कुल 33.420 लीटर अवैध विदेशी शराब तथा 9.100 लीटर बीयर जब्त की गई. टीम की सतर्कता के कारण अभियुक्त के फरार होने की योजना विफल कर दी गई और उसे घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया.
इस संबंध में अभियुक्त के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में अग्रसारित कर दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके.

