
उदित वाणी, रांची : साइबर ठगों ने अब माननीय को ही ठग लिया. पांकी के भाजपा विधायक डा. कुशवाहा शशि भूषण मेहता ठगी के शिकार हुए. साइबर ठगों ने 26 जून को फार्च्यूनर गाड़ी की नीलामी में भाग लेने का झांसा देकर विधायक से 1.27 लाख रुपये की ठगी की. इस मामले में विधायक ने रांची साइबर थाना में तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें उन्होंने रितेश कुमार, अनूप कुमार एवं आकाश सिन्हा नामक व्यक्ति को आरोपी बनाया है.
विधायक ने साइबर थाना को दिए शिकायत में बताया कि मोबाइल नंबर 8877098127 से रितेश कुमार नामक व्यक्ति ने 26 जून की सुबह उन्हें फोन किया. उस दौरान विधायक लोकसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक में भाग लेने मुंबई गए थे. रितेश ने खुद को जीएसटी कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि पश्चिम बंगाल के मालदा में जब्त गाड़ियों की नीलामी की जा रही है और उसने विधायक को व्हाट्सएप पर कई गाड़ियों की तस्वीरें भेजी. जिसमें एक टोयोटा फार्च्यूनर गाड़ी की नीलामी कीमत 12.70 लाख रुपये बताया तथा नीलामी में भाग लेने के लिए रितेश ने 10 प्रतिशत एडवांस यानी 1.27 लाख रुपये जमा करने को कहा.
राशि जमा करने के लिए विभाग के क्लर्क अनूप कुमार नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर 9204754669 दिया. अनूप ने आकाश सिन्हा नामक व्यक्ति का बैंक खाता संख्या 201577 95102 बए जिसका आईएफएससी कोड एसबीआईएन 0000243 है में राशि जमा करने को कहा. इसके बाद विधायक ने अपने निजी सहायक सरोज कुमार चटर्जी से खाते में नेट बैंकिंग के माध्यम से 50 हजार रुपये तथा फोन पे के माध्यम से 77 हजार रुपये ट्रांसफर कराया. राशि भेजने के बाद ठगों ने एक फर्जी रसीद भी भेज दी और फिर सभी के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया. पुलिस ने कांड संख्या 174/25 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

