
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गाराबासा में 16 फरवरी को भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य अजीत सिंह चंद्रवंशी के घर में घुसकर फरसा से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. इस कांड के आरोपी सुमित कुमार को बागबेड़ा पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है. सुमित पिछले 11 महीनों से फरार चल रहा था. बताया जा रहा है कि उसकी जमानत याचिका हाल ही में हाईकोर्ट से खारिज होने के बाद पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 15 नवंबर को भी सुमित को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मेडिकल का लाभ लेकर वह जेल जाने से बच गया था. इसके बाद से वह फरार था. बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
घटना के बाद अजीत सिंह चंद्रवंशी की ओर से बागबेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. आरोप है कि हमलावरों ने फरसा से अजीत के सिर पर वार किया था, जिससे उनके सिर पर 22 टांके लगे थे. वहीं उनकी पत्नी सुमन देवी के सिर पर भी गंभीर चोटें आई थीं और 12 टांके लगाए गए थे.
मामले में सुमित के मामा लालबाबू चंद्रवंशी पर भुजाली से हमला करने का आरोप है, जिसे कोर्ट से जमानत मिल चुकी है. सुमित पर हत्या के प्रयास, लूटपाट और मारपीट समेत चार मामले दर्ज हैं. इस केस में उसका नाना रास बिहारी रवानी भी आरोपी है, जो अब भी फरार है.

