
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के संडे मार्केट स्थित बेदी टेंट एंड इवेंट में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई. सुबह के समय दुकान से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना टेंट हाउस के संचालक राजू बेदी को दी.
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू किया. टेंट का सामान, कपड़े और प्लास्टिक से बना होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे उसे काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका.
इस अगलगी की घटना में टेंट हाउस में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया. संचालक के अनुसार इस हादसे में करीब दो से तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

