
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 4 स्थित संडे मार्केट में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित छेड़खानी की घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. घटना के विरोध में स्थानीय लोग सोमवार देर रात तक थाने पर डटे रहे और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते रहे.
मिली जानकारी के अनुसार, मुर्शिदाबाद से आए सिविल ठेकेदार सीताबुल पर नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है. उनका आरोप है कि क्षेत्र में रह रहे कुछ बाहरी मजदूरों के खिलाफ महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं, लेकिन हर बार ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापोन बनर्जी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मजदूरों को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि पकड़े गए सभी मजदूर नशे की हालत में थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ठेकेदार बिरसानगर में किराये के मकान में रहकर ठेकेदारी करता है. शिकायत दर्ज होने के बाद संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. आरोपी अपने किराये के मकान से फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

