
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना अलकतरा फैक्ट्री के पास मंगलवार की शाम दो बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना में घायल हुए हैं -मिर्जाडीह निवासी भोलाराम कुशवाहा, मनोज गोराई और डिमना बस्ती निवासी सोनू दास.
सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि हादसे का कारण बाइक सवार सोनू दास का शराब के नशे में होना बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नशे की हालत में सोनू दास की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक पर जा टकराया, जिससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच के बाद स्पष्ट होगा कि दुर्घटना में लापरवाही या अन्य कोई कारण शामिल था या नहीं.

