
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुबासा इंद्रानगर बस्ती में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 85 वर्षीय शोभा मुखर्जी की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई, जब पूरा परिवार सो रहा था. अचानक घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई.
मृतका की बेटी शोभना मुखर्जी ने बताया कि रात में भोजन करने के बाद उनकी मां अपने कमरे में सोने चली गई थीं. देर रात अचानक घर के एक हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. जब तक परिवार के लोग और आसपास के निवासी कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी. आग इतनी भीषण थी कि शोभा मुखर्जी को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका और वे उसकी चपेट में आ गईं. इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है.

