
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के प्रधानटोला में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी और घर में घुसकर चोरी करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी सागर ओमंग को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. आरोपी बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग, पोस्तो नगर का रहने वाला है.
मामले में नाबालिग लड़की के पिता के बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इनमें सागर ओमंग, उसकी मां, पिता और बहन शामिल हैं. घटना 29 जुलाई की दोपहर लगभग 1:50 बजे की है. उस समय नाबालिग लड़की घर पर अकेली थी. तभी आरोपी परिवार अचानक घर में घुस गया. आरोप है कि सागर ने लड़की के साथ छेड़खानी की और फिर सभी आरोपी मिलकर घर में रखे जेवर और नगद रुपये लेकर फरार हो गए.
पीड़ित परिवार ने घटना के बाद काफी दिनों तक चुप्पी साधे रखी, लेकिन अंततः 22 अगस्त को बागबेड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सागर ओमंग को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शनिवार को उसे जेल भेज दिया है, जबकि अन्य तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं.
थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग से संबंधित मामला गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है. इसलिए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही उन्हें भी पकड़कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.
इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. स्थानीय लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं, लेकिन साथ ही सुरक्षा को लेकर चिंता भी जता रहे हैं. लोगों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोच सके.
