
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के पोस्तुनगर में रहने वाली बबीता देवी के साथ मारपीट कर उनका हाथ तोड़ देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस तिवारी के रूप में हुई है. वहीं इस मामले में संतोष तिवारी, चंचल तिवारी और प्रिंस की चाची को भी नामजद आरोपी बनाया गया है. ये तीनों फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
घटना 24 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे की है. जानकारी के मुताबिक, प्रिंस तिवारी और अन्य आरोपी किसी विवाद को लेकर अचानक बबीता देवी के घर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया और स्थिति बढ़ने पर बबीता देवी के साथ मारपीट की गई. मारपीट के दौरान उनका हाथ टूट गया. घटना के बाद परिजनों ने घायल बबीता देवी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है.
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. जांच के क्रम में एक आरोपी प्रिंस तिवारी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि बाकी तीन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना किस कारण हुई और पीछे क्या विवाद था, इसे लेकर भी पूछताछ जारी है.
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव जैसा माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते विवादों से इलाके की शांति भंग होती है और पुलिस को ऐसे मामलों में लगातार सख्ती बरतनी चाहिए. लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

